बस छूटने के बाद दूसरी सवारी का इंतजार कर रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

बस छूटने के बाद दूसरी सवारी का इंतजार कर रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर लौटने के दौरान बस छूट जाने पर सड़क किनारे दूसरी सवारी का इंतजार कर रही महिला के साथ चार युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता कोरिया जिले की रहने वाली है और चांदनी थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थी। वापस लौटते समय उसकी बस छूट गई, जिसके बाद वह सड़क किनारे दूसरी गाड़ी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चार युवकों ने कथित तौर पर उसे अपनी गिरफ्त में लेकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

शिकायत के बाद चारों आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पीड़िता ने कोरिया जिले में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में घटना स्थल चांदनी थाना क्षेत्र का पाए जाने पर मामला वहां स्थानांतरित किया गया। इसके बाद चांदनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।