वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का व्हाट्सएप अकाउंट हैक, लोगों से पैसे मांग रहा साइबर ठग

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का व्हाट्सएप अकाउंट हैक, लोगों से पैसे मांग रहा साइबर ठग

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकर्स उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग कर परिचितों को संदेश भेज रहे हैं और आर्थिक मदद के नाम पर पैसों की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, साइबर ठग ने डॉ. सलीम राज के व्हाट्सएप अकाउंट से कई लोगों को मैसेज भेजकर रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि 4 से 5 लोग ठगी का शिकार होकर रकम भी भेज चुके हैं।

मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुट गई है तथा अकाउंट हैक करने वाले आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद डॉ. सलीम राज ने आम लोगों और अपने परिचितों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग किया जा रहा है और उनके नाम से भेजे जा रहे किसी भी आर्थिक सहायता या पैसों की मांग वाले संदेश पर भरोसा न करें।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उनके नाम से कोई संदिग्ध मैसेज प्राप्त हो तो उसकी पुष्टि किए बिना किसी भी प्रकार का भुगतान न करें और इसकी सूचना तुरंत संबंधित व्यक्ति या पुलिस को दें।