तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

रायपुर। राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक फैली ट्रफ लाइन और बिहार से आंध्र प्रदेश तक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के असर से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में शाम और रात के समय बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ मौसम के बिगड़ने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि 11 मई के बाद अंधड़ और थंडरस्टॉर्म की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे गर्मी का असर फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। राजधानी रायपुर में भी दिन और शाम के समय बादल छाए रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आंधी-तूफान और बिजली गिरने की स्थिति में लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश, तेज हवाएं और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है।