2028 की तैयारी में जुटी कांग्रेस : छत्तीसगढ़ में 10 दिन का प्रशिक्षण शिविर,शामिल होंगे राहुल गांधी
रायपुर। विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी 21 जून से 30 जून तक राज्य में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी। इस शिविर में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे, राजनीतिक रणनीति, जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे एक दिन शिविर में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
केसी वेणुगोपाल ने जारी किया पत्र
प्रशिक्षण शिविर के आयोजन और राहुल गांधी की सहभागिता की जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र में दी गई है। 13 जून को पार्टी मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार 21 से 30 जून तक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
पत्र में बताया गया है कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दे दी है और वे शिविर के दौरान एक दिन उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश
केसी वेणुगोपाल ने पत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों तथा विधायक दल के नेताओं से प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा है कि सभी नेता और कार्यकर्ता इस कार्यक्रम का पूरा लाभ उठाएं और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
2028 चुनाव पर नजर
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण अभियान सीधे तौर पर 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़ा हुआ है। पार्टी पिछले चुनाव में मिली हार के बाद संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी की मौजूदगी से कार्यक्रम को राजनीतिक महत्व मिलने की संभावना है।


admin 




