प्रदेश में मानसून की जोरदार वापसी, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

प्रदेश में मानसून की जोरदार वापसी, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार शाम से लगातार बारिश हो रही है और शुक्रवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश शंकरगढ़ और कुसमी में 90-90 मिमी, चंदो में 80 मिमी और कोरिया जिले के पटना में 60 मिमी दर्ज की गई। बलरामपुर, अंबिकापुर और मरवाही समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश सामान्य से 31 प्रतिशत कम है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में होने वाली भारी बारिश से इस कमी के दूर होने की पूरी उम्मीद है।
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, दुर्ग, मुंगेली और कबीरधाम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बलरामपुर, सूरजपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, रायपुर, धमतरी, कोरिया, बिलासपुर, जशपुर, सरगुजा और गरियाबंद जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।