आईपीएल में रो-को के साथ स्टेडियम में जगमगाएंगे सितारे
अनुष्का-अंबानी परिवार की मौजूदगी रहेगी खास
रायपुर। आईपीएल के रोमांच के लिए नया रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। राजधानी को दस साल बाद आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है। दस मई को होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
यही नहीं 10 और 13 तारीख को होने वाले दोनों ही मैचों में मैदान के बाहर और अंदर पॉवर पैक शो देखने को मिलेगा। बेंगलुरु और मुंबई के बीच होने वाले पहले मैच में जहां रो-को(विराट और रोहित) को देखने फैंस पहुंचेंगे। वहीं, मैदान के बाहर अनुष्का शर्मा और रितिका चीयर करने पहुंच सकती हैं। इसके अलावा फ्रेंचाइजी के मालिकों की बात की जाए तो अनन्या बिरला और अंबानी परिवार के आने की चर्चा है। यही नहीं बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां हर मैच में मुंबई की टीम को चीयर करने पहुंचती है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बॉलीवुड से कई नामी सेलिब्रिटी भी मैच देखने रायपुर पहुंच सकते हैं।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। टिकटों की फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बार कोड और आधुनिक मशीनों से जांच की जाएगी। साथ ही, मैच की लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं को परखने के लिए पहले ही रिहर्सल की जा चुकी है ताकि मैच के दौरान बिजली गुल होने जैसी कोई अप्रिय घटना न हो।
मुंबई टीम करेगी प्रैक्टिस, आरसीबी की टीम पहुंचेगी
शुक्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगे। शाम के वक्त खिलाड़ी प्रैक्टिस में उतर सकते हैं। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम भी दोपहर तक राजधानी पहुंच जाएगी। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बेटी होने की सूचना दी। जिसके बाद उनके आने पर कयास लगाए जा रहे हैं।
600 विदेशी मेहमान, 70 फीसदी टिकटें बिकीं
टिकटों की मांग और दर्शकों के आंकड़ों ने पिछले सभी रिकॉड्र्स को पीछे छोड़ दिया है। टिकट बेचने वाली एजेंसी ने बताया कि स्टेडियम की सारी टिकट बुक हो गई हैं। इसमें अनुमानित छह सौ से ज्यादा टिकटें विदेशी लोगों ने ली हैं। स्टेडियम की कुल क्षमता का लगभग एक से डेढ़ फीसदी टिकट भारत के बाहर से बुक हुआ है। जानकारों का कहना है कि रायपुर में जिस तेजी से टिकटें बुक हुई हैं, वैसा देश में इक्का-दुक्का जगहों पर ही देखने को मिलता है।
रायपुर में होगा वीमेन टी:20 मैच
जिम्बाब्वे से तीन मैचों की सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे टीम के बीच अक्टूबर में छह मैच की बाइलेटरल सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी:20 मुकाबले होंगे, जिसमें तीन टी-20 मैच रायपुर के शहीद वीरनारायण स्टेडियम में खेला जाएगा। बात दें कि जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत दौरे पर आएगी। गुरुवार को बीसीसीआई ने छह मैचों का शेड्यूल जारी किया।
पहला टी:20: 16 अक्टूबर, रायपुर
दूसरा टी: 20: 18 अक्टूबर, रायपुर
तीसरा टी: 20: 20 अक्टूबर, रायपुर

admin 





