रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस के ‘म्हारी संस्कृति, म्हारो गौरव’ में राजस्थानी संस्कृति के बिखरे रंग
रायपुर। सावन-तीज के उल्लास और राजस्थानी संस्कृति की रंगीन छटा के बीच रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की ओर से शुक्रवार को चोकरधानी, रायपुर में ‘म्हारी संस्कृति, म्हारो गौरव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों और उनके परिवारों ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर राजस्थानी लोक संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करना रहा। राजस्थानी परिवेश में आयोजित कार्यक्रम में लोक संस्कृति की झलक के साथ सावन-तीज के उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

घूमर से सजी शाम, सावन बाजार ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में घूमर की आकर्षक प्रस्तुति ने माहौल को राजस्थानी रंग में रंग दिया। वहीं सावन बाजार, सेल्फी जोन, रील एरिया, राजस्थानी पारंपरिक व्यंजन और लकी ड्रॉ जैसी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। सदस्यों और अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और आयोजन का आनंद उठाया।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता, सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन नेहा जैन ने आयोजन में सदस्यों की भागीदारी को सराहा। पारंपरिक परिधानों में पहुंचे सदस्यों ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

कार्यक्रम का संदेश ‘सावन की फुहार, तीज की बहार, संस्कृति का श्रृंगार, मिलन का त्योहार’ रहा। आयोजन में संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के रंगों के बीच सभी प्रतिभागी उत्सव के रंग में सराबोर नजर आए।
admin




