5 घंटे चली समीक्षा बैठक : राजेश मूणत बोले- रायपुर पश्चिम में अवैध निर्माण और नियम विरुद्ध काम बर्दाश्त नहीं होंगे
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित राजधानी बनाने के लिए सभी को सहभागी बनकर काम करना होगा। साथ ही चेतावनी दी कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध कार्य, अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समीक्षा बैठक में करीब पांच घंटे तक जोन-1, 5, 7 और 8 के अंतर्गत आने वाले 20 वार्डों के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षद, एमआईसी सदस्य और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जलभराव, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर फोकस
राजेश मूणत ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छ सर्वेक्षण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालों की सफाई, जलभराव, पेयजल व्यवस्था, वेंडिंग जोन और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर सभी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अवैध निर्माण और होर्डिंग पर सख्ती के निर्देश
समीक्षा के दौरान विधायक ने अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और राजस्व वसूली को भी नियमानुसार प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित करें: महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि राजधानी रायपुर में जलभराव और पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान अधिकारियों की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने रामकी कंपनी के माध्यम से शत-प्रतिशत घरों से प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करें, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर होगा अमल
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव रखे। विधायक राजेश मूणत ने जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई कर जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजधानी के अनुरूप शहर का विकास ही नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

admin 




