छत्तीसगढ़ में आज बारिश के साथ तेज हवाओं के आसार, राजधानी में भी बदलेगा मौसम

छत्तीसगढ़ में आज बारिश के साथ तेज हवाओं के आसार, राजधानी में भी बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बाद बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के करीब रही है, हालांकि कुल वर्षा में करीब 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 15 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

पिछले कुछ दिनों में राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पहले रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच घटकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

अगले दो दिन जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड और उससे लगे गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान सरगुजा संभाग में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

हालांकि, इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।

14 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।