नदी किनारे पेड़ पर लटका मिला वृद्ध का शव, इलाके में फैली सनसनी

नदी किनारे पेड़ पर लटका मिला वृद्ध का शव, इलाके में फैली सनसनी

खैरागढ़। जिले के बोड़ला गांव में एक 60 वर्षीय वृद्ध का शव नदी किनारे पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला गातापार थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान बोड़ला निवासी गोवर्धन गोंड़ (60) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गोवर्धन 13 जून की दोपहर भोजन करने के बाद घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

अगले दिन 14 जून को ग्रामीणों ने नदी किनारे एक पेड़ पर उनका शव फांसी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले गोवर्धन गोंड़ भालू के हमले में घायल हो गए थे। घटना के बाद से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था और वे मानसिक तनाव से भी गुजर रहे थे।

सूचना मिलते ही गातापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।