छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, अगले तीन दिन झमाझम बारिश के आसार; कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। रायपुर समेत अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 अगस्त से अगले चार दिनों तक प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से वर्षा का दायरा बढ़ेगा। कई जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, उमस से राहत के आसार कम
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश के बावजूद उमस से लोगों को पूरी राहत मिलने की संभावना कम है।
तीन मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं बंगाल की खाड़ी से लगे आंध्र प्रदेश के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ में 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि कुसमी, रतनपुर, सक्ती और भोपालपट्टनम में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई। सुकमा और सकोला में 6-6 सेंटीमीटर, सरागांव और बीजापुर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई है।
admin




