छत्तीसगढ़ में कल से फिर सक्रिय होगा मानसून, उत्तर के जिलों में 5 दिन तक बारिश के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ में कल से फिर सक्रिय होगा मानसून, उत्तर के जिलों में 5 दिन तक बारिश के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणाली और उससे जुड़े दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो रहा है। इसके चलते सरगुजा संभाग सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है।

बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में नहीं रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से भी राहत मिलने की उम्मीद है।