फांसी लगाने से पहले रोते हुए बनाया वीडियो, बहू पर प्रताड़ना का आरोप; दीवार पर भी लिखा कथित सुसाइड नोट

फांसी लगाने से पहले रोते हुए बनाया वीडियो, बहू पर प्रताड़ना का आरोप; दीवार पर भी लिखा कथित सुसाइड नोट

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले उसने कथित तौर पर अपनी बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और एक वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा। इसके अलावा घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट लिखकर भी बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मणबंध बस्ती की निवासी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले महिला का अपने पति, बेटे और बहू के साथ पारिवारिक विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था, जिसमें पारिवारिक विवाद से जुड़ी बातें कही गई हैं। 

दीवार पर लिखा मिला कथित सुसाइड नोट

परिजनों के अनुसार, महिला ने घर की दीवार पर एक कथित सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी बहू पूर्णिमा महंत को जिम्मेदार बताया है। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

हैंडराइटिंग और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की होगी जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, दीवार पर लिखी गई लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। वहीं, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।