रेलवे स्टेशन सर्व धर्म संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत मनोहर दास का देवलोकगमन,कुबेर राठी सहित भक्तों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रेलवे स्टेशन सर्व धर्म संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत मनोहर दास का देवलोकगमन,कुबेर राठी सहित भक्तों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऐतिहासिक श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत एवं प्रधान पुजारी महंत मनोहर दास जी महाराज (सीताराम बाबा) का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोमवार को महंत जी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

महंत मनोहर दास पिछले करीब 50 वर्षों से रेलवे स्टेशन स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में रहकर बजरंगबली की सेवा कर रहे थे। सादगीपूर्ण जीवन, सहज व्यवहार और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के कारण वे श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत सम्मानित संत माने जाते थे। मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए वे आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र थे।

निर्वाणी अखाड़े की परंपरा से होगा अंतिम संस्कार

महंत मनोहर दास निर्वाणी अखाड़े से जुड़े हुए थे। संत परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अमरकंटक स्थित पवित्र नर्मदा नदी के तट पर किया जाएगा। इस दौरान निर्वाणी अखाड़े के संत, महंत, गुरु भाई और बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद रहेंगे।

'एक संत नहीं, पूरे समाज के अभिभावक थे'

श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी कुबेर राठी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि महंत मनोहर दास जी का देवलोकगमन मंदिर ही नहीं, पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दशकों से महाराज जी का सान्निध्य मंदिर समिति और श्रद्धालुओं को मिलता रहा। उनका सादा जीवन, सेवा भावना और हनुमानजी के प्रति अटूट समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

महंत मनोहर दास जी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और स्थानीय नागरिकों का तांता लगा रहा। मंदिर सेवा समिति, विभिन्न मठों के संतों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।