भंडारे से लेकर शिक्षा और सम्मान तक,सेवा के हर क्षेत्र में सक्रिय मां बमलेश्वरी सेवा समिति

भंडारे से लेकर शिक्षा और सम्मान तक,सेवा के हर क्षेत्र में सक्रिय मां बमलेश्वरी सेवा समिति

रायपुर। समाजसेवा को निरंतर सेवा-संकल्प के रूप में आगे बढ़ाते हुए मां बमलेश्वरी सेवा समिति द्वारा देवेंद्र नगर स्थित सिद्धिविनायक पार्क में आम नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने हेतु कुर्सियों की स्थापना की गई। इस जनहितकारी सेवा कार्य का शुभारंभ अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल जी द्वारा किया गया। समिति की इस पहल का उद्देश्य पार्क में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं अन्य नागरिकों को बैठने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।


इस अवसर पर समिति के सदस्य गोपाल अग्रवाल, कृष्ण अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, मनोहर जिंदल, सुरेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, सुनील लाट एवं सुरेश चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मां बमलेश्वरी सेवा समिति विगत कई वर्षों से सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। समिति द्वारा दोनों नवरात्रि के अवसर पर मां बमलेश्वरी धाम, डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए समय-समय पर स्कूलों में कंप्यूटर वितरण किया गया है। गर्मी के मौसम में आम नागरिकों की सुविधा के लिए प्याऊ की व्यवस्था सहित विभिन्न जनसेवा कार्य भी समिति द्वारा किए जाते रहे हैं।
इसी सेवा श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए कुछ दिन पूर्व शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान एवं बच्चों को जलपान वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। समिति का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और सुविधा पहुंचाई जाए तथा छोटे-बड़े हर अवसर को जनहित से जोड़कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जाए।


समिति के सदस्यों ने कहा कि सेवा किसी एक अवसर तक सीमित नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ मां बमलेश्वरी सेवा समिति द्वारा आने वाले समय में भी शिक्षा, सामाजिक सेवा, नागरिक सुविधा एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने समिति के सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “बोलो मां बमलेश्वरी की जय!” के जयघोष के साथ हुआ।