पश्चिमी विक्षोभ का असर: गर्म हवाओं पर लगा ब्रेक, तापमान में गिरावट; अगले तीन दिन अंधड़-बारिश के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून महीने की शुरुआत राहत भरे मौसम के साथ हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं का असर कमजोर पड़ा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री कम होकर 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। तापमान में कमी के कारण दिन के समय गर्मी का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा और रात के समय उमस से भी राहत मिली।
प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गरियाबंद, बस्तर और सूरजपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि दोपहर बाद तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को भी मौसम सुहाना रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आसमान में आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मई के अंतिम दिनों में शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां फिलहाल जारी रहेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ और दिनों तक राहत मिल सकती है।

admin 




