छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश का दौर जारी, आज मध्य और उत्तरी जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश का दौर जारी, आज मध्य और उत्तरी जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आषाढ़ माह के साथ मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार 7 जुलाई को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और ओडिशा के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं। हालांकि 8 जुलाई के बाद पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बलौदाबाजार जिले में सबसे अधिक 20 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा राजिम में 18 सेंटीमीटर, लवन में 17 सेंटीमीटर, गिधौरी टुंड्रा और भाटापारा में 16-16 सेंटीमीटर, जबकि बलौदा, गोबरा नवापारा और बिलाईगढ़ में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसी तरह राजनांदगांव, भटगांव, अकलतरा, पौड़ी उपरोड़ा, तिल्दा, चंद्रपुर और खरोरा में 14-14 सेंटीमीटर, पिथौरा, रायगढ़ और सिमगा में 13-13 सेंटीमीटर, जबकि तमनार, सोनाखान, मगरलोड, मस्तूरी, भैसमा, बोदरी और पथरिया में 12-12 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

डभरा, मंदिरहसौद, सीपत, बिल्हा, तखतपुर, पाली, कोरबा, पलारी, सारंगढ़, सुहेला, अड़भार और पामगढ़ सहित कई क्षेत्रों में 11 सेंटीमीटर, जबकि बरमकेला, सरसीवा, धरसींवा, शिवरीनारायण, सरायपाली, कसडोल, नवागढ़ और लोरमी में 10 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं धमतरी, कुरूद, बिलासपुर, आरंग, रायपुर शहर, चांपा, मुंगेली, सक्ती और अन्य कई क्षेत्रों में 8 से 9 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। शहर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं।