मैनपाट में पीलिया से चार की मौत, कई बीमार ग्रामीण अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में भर्ती

मैनपाट में पीलिया से चार की मौत, कई बीमार ग्रामीण अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में भर्ती
अंबिकापुर (चैनल इंडिया)। मैनपाट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) का गंभीर प्रकोप सामने आया है। क्षेत्र के कई गांवों में बीमारी तेजी से फैल रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीलिया की चपेट में आने से अब तक पूर्व उप सरपंच और एक छात्र सहित चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग बीमार हैं। कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है।
मैनपाट विकासखंड के नर्मदापुर, कुनिया, बईगहवा, बरिमा सहित आसपास के गांवों में पीलिया का संक्रमण फैल गया है। बीमारी के कारण कुनिया गांव के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव, बईगहवा गांव की एक युवती एवं बरिमा निवासी कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव की मौत हो गई है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में लोग बुखार, कमजोरी, उल्टी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीडि़त हैं। कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर और रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां इलाज जारी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित गांवों में भेज दिया गया है। ग्रामीणों को स्वच्छ पानी पीने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए पानी के सैंपल लिए गए हैं। पीलिया के बढ़ते मामलों और लगातार हो रही मौतों से मैनपाट क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है।