स्कूल में छात्रों के बीच विवाद बना जानलेवा, छात्र की मौत

स्कूल में छात्रों के बीच विवाद बना जानलेवा, छात्र की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच हुआ विवाद एक छात्र की मौत का कारण बन गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सासाहोली गांव स्थित एक स्कूल में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान घायल छात्र ने चाकू अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच झड़प और बढ़ गई, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे छात्र को भी चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।