'अपना घर समझकर करें निर्माण', गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष की ठेकेदारों को दोटूक
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर के ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश कुमार शरण की मौजूदगी में आयोजित बैठक में 50 से अधिक ठेकेदार शामिल हुए। बैठक में आवास निर्माण के साथ-साथ नगर विकास, री-डेवलपमेंट, सड़क और पुल-पुलिया जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब मंडल का कार्यक्षेत्र केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अधोसंरचना विकास की बड़ी परियोजनाओं का दायित्व भी उसे सौंपा गया है। ऐसे में निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने ठेकेदारों से कहा कि हितग्राहियों के मकानों का निर्माण उसी गुणवत्ता के साथ किया जाए, जैसी गुणवत्ता वे अपने स्वयं के घर के निर्माण में चाहते हैं। उन्होंने इन-हाउस, पीपीपी मॉडल और बीओटी आधारित परियोजनाओं में भी सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ठेकेदार मंडल के विकास अभियान के महत्वपूर्ण साझेदार हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तय समय में कार्य पूर्ण करना और ठेकेदारों के देयकों का समय पर भुगतान—ये तीनों मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने इंजीनियरों और ठेकेदारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि कार्यस्थलों पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। साथ ही भूमि चयन, ले-आउट प्लान, प्राक्कलन और निविदा प्रक्रिया से जुड़े ठेकेदारों के सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने लेखा और तकनीकी शाखा के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि ठेकेदारों के देयकों का भुगतान तय समय-सीमा में हो। इसके लिए चेकलिस्ट आधारित व्यवस्था अपनाकर भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने ठेकेदारों से प्राप्त सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की और उन्हें भविष्य की कार्ययोजना में शामिल करने का भरोसा दिया।

admin 




