आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर डंडों से हमला, युवक गंभीर; दो आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और फिर डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बस्तर थाना क्षेत्र के छापरभानपुरी गांव की है।
मेले में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले इच्छापुर गांव में आयोजित मेले के दौरान सूरज कश्यप और गांव के ही कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी।
मिर्ची पाउडर डालकर किया हमला
आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देवा बघेल अपने एक साथी के साथ सूरज कश्यप के पास पहुंचा। दोनों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और इसके बाद डंडों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून निकलने लगा।
घटना के दौरान सूरज के साथ उसका साथी उदय भी मौजूद था। उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।
भाई की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सूरज के भाई छोटू कश्यप ने बस्तर थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने सूरज पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल घायल सूरज कश्यप का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
admin




