कांग्रेस जिलाध्यक्ष करेंगे अपने विधायकों की लोकप्रियता का सर्वे, जिलाध्यक्षों की होगी रेड-येलो-ग्रीन रेटिंग

कांग्रेस जिलाध्यक्ष करेंगे अपने विधायकों की लोकप्रियता का सर्वे, जिलाध्यक्षों की होगी रेड-येलो-ग्रीन रेटिंग
विधायकों का भी तैयार होगा रिपोर्ट कार्ड
रायपुर (चैनल इंडिया)। अभनपुर में दस दिनों तक चले कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। शिविर के दौरान तय किया गया कि अब जिला अध्यक्षों के कामकाज का मूल्यांकन रेड, येलो और ग्रीन कैटेगरी में किया जाएगा।
इसके साथ ही ग्रीन कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले, येलो कैटेगरी में सुधार की जरूरत वाले और रेड कैटेगरी में कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्ष शामिल किए जाएंगे। इसी आधार पर संगठन उनकी कार्यशैली और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करेगा। इसके अलावा जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिले के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। उन्हें जनता के बीच विधायकों की छवि, सक्रियता और जनसंपर्क को लेकर सर्वे कर उसकी रिपोर्ट संगठन को सौंपनी होगी।
प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जिले के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करें। इसके लिए जनता के बीच जाकर यह भी पता लगाया जाएगा कि विधायक के कामकाज को लेकर लोगों की क्या राय है। संगठन इस फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगा। शिविर के दौरान जिलाध्यक्षों को जुजुत्सू का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें उन्हें सिखाया गया कि विरोध-प्रदर्शन या तनावपूर्ण परिस्थितियों में किस तरह संयम बनाए रखना है, आवेश में नहीं आना है और विपरीत हालात में भी शांत रहकर स्थिति को संभालना है