मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक, बैकलॉग भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक, बैकलॉग भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं, परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों में बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित निगरानी करें और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।