रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, दस एकड़ भूमि को मिली मंजूरी
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य के सराफा कारोबार और आभूषण निर्माण उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक सौगात सामने आई है। राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने की मंजूरी दे दी है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराफा समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के व्यापारिक और औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को एक आधुनिक एवं समग्र व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां सोने-चांदी के आभूषणों की मैन्युफैक्चरिंग, कटिंग-पॉलिशिंग, रिफाइनिंग, थोक व्यापार और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा परिसर में बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा, जहां सराफा कारोबार से जुड़े व्यापारी, कारीगर और उद्यमी एक ही स्थान पर अपनी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर सकेंगे। इससे कारोबार को अधिक संगठित और सुविधाजनक स्वरूप मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क शुरू होने के बाद छत्तीसगढ़ आभूषण निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।पार्क परिसर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का मुख्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही एक आधुनिक और विशाल सभागृह (ऑडिटोरियम) का निर्माण भी प्रस्तावित है, जहां व्यापारिक, सामाजिक और प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
सराफा समाज का महासम्मेलन
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि इस ऐतिहासिक निर्णय के स्वागत में जून माह में सराफा समाज द्वारा भव्य महा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

admin 




