श्मशान घाट में तंत्र साधना के आरोप के बीच अघोरी से मारपीट, सिम्स में भर्ती

श्मशान घाट में तंत्र साधना के आरोप के बीच अघोरी से मारपीट, सिम्स में भर्ती

महिला के शव के साथ छेड़छाड़ का दावा कर वायरल किया गया वीडियो, पुलिस ने बताया आपसी रंजिश का मामला

बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में एक अघोरी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग अघोरी को जमीन पर घसीटते और उसके बाल खींचते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है। घायल अघोरी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महिला के शव के साथ छेड़छाड़ का लगाया आरोप

वायरल वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि अघोरी श्मशान घाट में एक महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना कर रहा था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया आपसी रंजिश का मामला

पुलिस के अनुसार, अघोरी के साथ हुई मारपीट की वजह आपसी रंजिश है। मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल घायल अघोरी का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।