बदली-बारिश थमते ही बढ़ी गर्मी, अगले 5 दिनों में 4 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

बदली-बारिश थमते ही बढ़ी गर्मी, अगले 5 दिनों में 4 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बदली और बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सोमवार को लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कई इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग दिनभर बेहाल रहे।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। दोपनापाल में सबसे अधिक एक सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी बनी हुई है।

मौसम विभाग ने 12 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत दिए गए हैं।