अस्पताल के कैशियर ने 32 लाख रुपये का किया गबन, आरोपी गिरफ्तार

अस्पताल के कैशियर ने 32 लाख रुपये का किया गबन, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई के हाईटेक अस्पताल में करीब 32 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत कर्मचारी ने बैंक में जमा करने के बजाय संस्थान की रकम अपने पास रख ली। प्रबंधन को गुमराह करने के लिए फर्जी ई-मेल भेजे जाने की बात भी सामने आई है। शिकायत के बाद स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है।

अस्पताल संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रुआबांधा निवासी जसविंदर सिंह करीब छह वर्षों से अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अस्पताल की जमा होने वाली रकम बैंक में जमा नहीं की और धीरे-धीरे करीब 32 लाख रुपये का गबन कर लिया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल से मिले दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया कैशियर के पद का दुरुपयोग कर अस्पताल की करीब 32 लाख रुपये की राशि में गड़बड़ी किए जाने की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गबन की रकम से खरीदा गया Samsung कंपनी का करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।