भिलाई में पेड़ से टकराई कार दो नौजवानों की मौके पर मौत

भिलाई में पेड़ से टकराई कार दो नौजवानों की मौके पर मौत
भिलाई (चैनल इंडिया)। बीएसपी टाउनशिप के सेंट्रल एवेन्यू में आज तडक़े सडक़ हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा तडक़े चार बजे के आसपास की बताई जा रही है। कार सवार दोनों युवक काफी तेज रफ्तार में थे और सेक्टर-10 गुंडिचा मंदिर के पास सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बरामद किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दोनों युवक सेक्टर-6 सडक़ 35 के रहने वाले बताए जा रहे हैं। युवकों के नाम दीपक और कौशिक बघेल बताए जा रहे हैं। सुबह चार बजे सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नेहरू नगर से वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार के कारण कार का नियंत्रण नहीं रहा और हादसा हो गया। आरटीओ रिकॉर्ड के अनुसार कार सडक़ 46, सेक्टर-6 निवासी एस. गोपी प्रसाद के नाम पर रजिस्टर्ड है। 
बालोद में खंभे से टकराई कार, इंजीनियरिंग छात्रा की मौत 
बालोद में तेज रफ्तार कार बिजली के खम्भे से अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस हादसे में इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर मौत हो गई और पांच अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हुई है। मृतका की पहचान शारदा पाटिल उम्र 21 के रूप में हुई है, जो कि बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपने बुआ की शादी में घर आई हुई थी।