सीएम रायपुर में फहराएंगे तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस के लिए चीफ  गेस्ट तय

सीएम रायपुर में फहराएंगे तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस के लिए चीफ  गेस्ट तय
रायपुर (चैनल इंडिया)। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले ध्वजारोहण समारोह के लिए राज्य सरकार ने मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यालय जिला बिलासपुर में केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ध्वजारोहण करेंगे। शासन ने नौ अगस्त को जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को मुख्य अतिथि से परामर्श कर कार्यक्रम निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिला मुख्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। शासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को समारोह की तैयारियां निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने के निर्देश दिए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने कहा है कि संबंधित जिला प्रशासन मुख्य अतिथि से परामर्श कर कार्यक्रम का निर्धारण करें। स्वतंत्रता दिवस आयोजन के लिए पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। इस आदेश के बाद प्रदेशभर में 15 अगस्त के जिला स्तरीय समारोहों की तैयारियां तेज हो गई हैं।