बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश; रायपुर का पारा 3 डिग्री गिरा

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश; रायपुर का पारा 3 डिग्री गिरा

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां बढ़ गई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर और बीजापुर जिले में कुछ स्थानों पर सबसे ज्यादा बारिश हुई।

मौसम में बदलाव का असर राजधानी रायपुर में भी देखने को मिला। शनिवार देर शाम हुई बारिश के बाद उमस से कुछ राहत मिली और अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 7 अगस्त को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर करीब 30 डिग्री पर पहुंच गया।

दुर्ग में सबसे अधिक तापमान, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

आज भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

रायपुर में 31 डिग्री तक रह सकता है तापमान

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

22 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। इनमें कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।