शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, भाजपा नेत्री परिवार पर उठे सवाल
रायपुर। राजधानी में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े लोग हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री अपने पति के साथ हवाई फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। वहीं समारोह में मौजूद बच्चे, युवतियां और महिलाएं भी हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी थे या नहीं।
इधर, इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

admin 





