15 जुलाई से पहले साढ़े पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति: गजेंद्र यादव

15 जुलाई से पहले साढ़े पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति: गजेंद्र यादव
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अब मंत्रोच्चार के साथ होगी। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि प्रदेश के आत्मानंद, विवेकानंद और अन्य उत्कृष्ट विद्यालयों में पढ़ाई शुरू होने से पहले मंत्रोच्चार कराया जाएगा।
मंत्री यादव ने बताया कि उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 15 जुलाई से पहले करीब 5500 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है और नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। गजेन्द्र यादव के मुताबिक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में पदस्थापना के इच्छुक शिक्षकों के आदेश अगले एक-दो दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। अंग्रेजी समेत विभिन्न विषयों के शिक्षकों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि इन नियुक्तियों के बाद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे को भी उन्होंने पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें शिक्षकों को स्कूल परिसरों में कुत्ता पकडऩे के अभियान में लगाने की बात कही जा रही थी। मंत्री ने साफ कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और वायरल संदेश पूरी तरह भ्रामक है।
एक से सत्र शुरू होने की खबर झूठी, कल से ही खुलेंगी स्कूलें
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य में नए शैक्षणिक सत्र (2026-27) की शुरुआत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राज्य की सभी शासकीय एवं अशासकीय (निजी) शालाओं का विधिवत संचालन 16 जून मंगलवार से प्रारंभ कर दिया जाएगा। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफाम्र्स पर यह भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही थी कि भीषण गर्मी या अन्य कारणों से नया शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से शुरू होगा। विभाग ने इस खबर का पूरी तरह खंडन करते हुए इसे असत्य, भ्रामक और फर्जी करार दिया है।