पति पर भाभी से अवैध संबंध का आरोप लगाना मानसिक क्रूरता: हाईकोर्ट ने तलाक के खिलाफ पत्नी की अपील खारिज की

पति पर भाभी से अवैध संबंध का आरोप लगाना मानसिक क्रूरता: हाईकोर्ट ने तलाक के खिलाफ पत्नी की अपील खारिज की

बिलासपुर। हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि पति-पत्नी में से किसी एक के चरित्र और वफादारी पर बिना आधार के आरोप लगाना साधारण वैवाहिक विवाद नहीं, बल्कि मानसिक क्रूरता है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट द्वारा दिए गए तलाक के फैसले को सही ठहराते हुए पत्नी की अपील खारिज कर दी। मामले की सुनवाई जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच में हुई।

2015 में हुई थी शादी

दुर्ग जिले के रहने वाले राहुल यादव की शादी 8 दिसंबर 2015 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। 18 सितंबर 2016 को दंपती के घर बेटे का जन्म हुआ। बाद में पति ने क्रूरता के आधार पर फैमिली कोर्ट, दुर्ग में तलाक की अर्जी दायर की थी।

पति ने लगाए थे ये आरोप

पति का आरोप था कि शादी के शुरुआती सालों से ही पत्नी उसके माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ दुर्व्यवहार करती थी। पत्नी उस पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी, वहीं पत्नी के मायके वाले चाहते थे कि वह 'घर जमाई' बनकर उनके साथ रहे और उनके कारोबार में हाथ बंटाए। पति ने पत्नी को वापस लाने की कई कोशिशें कीं। काउंसलिंग के दौरान वह अलग रहने के लिए भी तैयार हो गया, लेकिन पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और भरण-पोषण की मांग की।

गवाही में पत्नी और पिता ने मानी कई बातें

सुनवाई के दौरान पत्नी और उसके पिता ने अपनी गवाही में स्वीकार किया कि गर्भावस्था के दौरान पति ने उसकी पूरी देखभाल की थी। उसने सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज और जांच की व्यवस्था की और प्रसव का खर्च भी उठाया। पत्नी ने यह भी माना कि वह पति के साथ जाना नहीं चाहती थी और काउंसलिंग के दौरान उसने साथ रहने से मना कर दिया था।

भाभी से अवैध संबंध का आरोप बना क्रूरता

पत्नी ने पति पर उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया था। हाईकोर्ट ने कहा कि जीवनसाथी के चरित्र पर इस तरह के निराधार आरोप परिस्थितियों को देखते हुए मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आते हैं। सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों पर एक साथ विचार करने के बाद कोर्ट ने माना कि पति को मानसिक क्रूरता का सामना करना पड़ा है। हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले से सहमति जताते हुए पत्नी की अपील खारिज कर दी।