बस्तर में 12 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, नारायणपुर से होगी शुरुआत; विजय शर्मा बोले- अब उन इलाकों में भी लहराएगा तिरंगा जहां था नक्सलियों का खौफ

बस्तर में 12 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, नारायणपुर से होगी शुरुआत; विजय शर्मा बोले- अब उन इलाकों में भी लहराएगा तिरंगा जहां था नक्सलियों का खौफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 12 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा की ओर से आयोजित इस यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 9 बजे नारायणपुर से होगी। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा ऐसे इलाकों से होकर गुजरेगी, जहां कभी नक्सली हिंसा के कारण पहुंचना मुश्किल माना जाता था।

विजय शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बस्तर के कई इलाकों में तिरंगा फहराया गया है। अब नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बीच सरकार का संदेश है कि बस्तर के उन क्षेत्रों में भी तिरंगा शान से लहराया जाएगा, जहां कभी नक्सलियों का प्रभाव और भय रहा है।

चिंगवरम, ताड़मेटला और झीरम भी जाएगी यात्रा

डिप्टी सीएम ने बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान वे खुद भी मौजूद रहेंगे। प्रशासन और स्थानीय समाज के लोग भी इसमें शामिल होंगे। यात्रा के दौरान उन स्थानों पर जाने की योजना है, जो नक्सली हिंसा की बड़ी घटनाओं के गवाह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रा चिंगवरम भी जाएगी, जहां नक्सली हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा ताड़मेटला और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी पहुंचने की बात कही। इन स्थानों पर नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

विजय शर्मा ने कहा कि वे झीरम घाटी भी जाएंगे और वहां नक्सली हमले में मारे गए सभी लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि बस्तर में अब परिस्थितियां बदल रही हैं।

नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना

डिप्टी सीएम ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने की बात कांग्रेस को स्वीकार नहीं है। उन्होंने झीरम हमले और नक्सली हिंसा को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि सभी लोगों को शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए।

विजय शर्मा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बस्तर में बदले हुए माहौल का संदेश देना भी है।

युवाओं के प्रदर्शन को लेकर भी बोले विजय शर्मा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय शर्मा ने युवाओं के प्रदर्शन और उनकी मांगों से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना उचित है और सरकार को ऐसे विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का भी जिक्र किया और कहा कि लोकतंत्र में उठाए गए मुद्दों पर सरकार जवाबदेह रहती है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

विजय शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रदर्शन के दौरान गोली चलने का दावा किया जा रहा है तो उसे प्रमाणित किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दावों के जरिए युवाओं के बीच भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने झारखंड में युवाओं के प्रदर्शन का भी जिक्र करते हुए कांग्रेस से वहां की स्थिति पर भी प्रतिक्रिया देने की मांग की।

डिप्टी सीएम ने कहा कि संसद में यदि इन मुद्दों पर चर्चा होती है तो विपक्ष को चर्चा में भाग लेना चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विपक्ष के सदन से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार विपक्ष को सदन में मौजूद रहकर सरकार के सवालों का जवाब देना चाहिए।