सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, निवेश का अच्छा मौका : हरख मालू

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, निवेश का अच्छा मौका : हरख मालू

रायपुर। पिछले 10 महीनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि जनवरी 2026 में सोना लगभग 1,86,000 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो वर्तमान में घटकर 127000 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया है। यानी सोने की कीमत में 59000 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है, जो लगभग 32 प्रतिशत है।

इसी प्रकार चांदी जनवरी 2026 में लगभग 4,20,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो वर्तमान में घटकर 154000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई है। इस प्रकार चांदी की कीमत में 266000 रुपए प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट आई है, जो लगभग 63 प्रतिशत है।

क्या यह खरीदारी का सही समय है ?

कीमतों में आई इस भारी गिरावट के बाद सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे निवेशकों के लिए यह एक आकर्षक स्तर हो सकता है। जिन लोगों का नजरिया लंबी अवधि का है, उनके लिए मौजूदा भाव पर चरणबद्ध तरीके से खरीदारी करना एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है।

सोने और चांदी में निवेश का आकर्षण केवल वर्तमान कीमतों तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबी अवधि में इनकी मांग, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में इनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

मालू ने कहा कि बाजार में आई भारी गिरावट को केवल नुकसान के रूप में नहीं, बल्कि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए एक संभावित खरीदारी के अवसर के रूप में भी देखा जा सकता है।