मुंह में कपड़ा ठूंसकर 70 वर्षीय वृद्धा की गला घोंटकर हत्या, घर में मिली लाश
कोरबा। जिले के सुदूर वनांचल ग्राम लाद में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। अज्ञात हत्यारे ने पहले महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
ग्राम लाद जिले की सरहदी पुलिस चौकी कोरबी के अंतर्गत आता है। यहां भगमनिया बाई (70 वर्ष) अपने घर में अकेली रहती थीं। रोज की तरह गुरुवार की रात भी वे अपने घर में सो रही थीं। शुक्रवार सुबह जब पास में ही रहने वाली उनकी छोटी बहू कुसुम कली उनके घर पहुंची, तो सास को उस हालत में देखकर उसकी चीख निकल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को एक गमछा और रस्सी मिली है। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्यारा वारदात के बाद घटनास्थल पर शौच कर फरार हुआ है।
पुलिस डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से मामले की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्यारे की पहचान नहीं हो सकी है।
admin
















