दर्री डैम में मिली बांगो थाने में पदस्थ एएसआई के बेटे की लाश, बाइक और मोबाइल अब तक लापता
कोरबा। जिले के प्रगति नगर स्थित दर्री डैम में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो बांगो थाने में पदस्थ एएसआई धनंजय सिंह का बेटा था। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन 18 नवंबर को घर से बाइक लेकर कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद से ही वह लापता था। डैम में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने पानी में एक लाश तैरती देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मछुआरों की मदद से शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे पिता एएसआई धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
आखिरी लोकेशन दर्री डैम के पास
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अर्जुन की बाइक और मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन दर्री डैम के पास ही मिली थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि दर्री डैम में मिले शव की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अर्जुन किन परिस्थितियों में लापता हुआ और उसकी मौत कैसे हुई।
admin
















