अकवान तूफान के बाद छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, रायपुर में सुबह छाया घना कोहरा

अकवान तूफान के बाद छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, रायपुर में सुबह छाया घना कोहरा

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे अकवान तूफान ने छत्तीसगढ़ के मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों में बारिश हुई है, वहीं रविवार सुबह राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 21 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके साथ एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।

बिलासपुर संभाग में भारी बारिश

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। सबसे ज़्यादा 9 सेंटीमीटर बारिश भैंसमा (बिलासपुर) में दर्ज की गई। इसके अलावा दर्रीपाली में 8 सेमी, बिलासपुर, करतला और कोरबा में 7-7 सेमी, तथा दर्री और पचपेड़ी में 6-6 सेमी बारिश हुई। रविवार को भी प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

4 डिग्री से ज़्यादा गिर सकता है पारा

शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पारा 4 डिग्री से भी ज़्यादा गिर सकता है। ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में लोगों को ठंड का अहसास ज़्यादा होगा।

कोहरे में वाहन चालक रखें सावधानी

रायपुर समेत कई स्थानों पर सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा, जो रविवार सुबह भी देखने को मिला। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को गाड़ी की लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और बारिश की संभावना है। बारिश के बाद तापमान गिरने से प्रदेश में ठंड और तेज़ होने के आसार हैं।