बाघ की खाल के साथ 3 संदिग्ध हिरासत में, सूरजपुर में WCCB की छापेमारी

बाघ की खाल के साथ 3 संदिग्ध हिरासत में, सूरजपुर में WCCB की छापेमारी

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन्यजीव तस्करी से जुड़े मामले में वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्य प्रदेश के जबलपुर से पहुंची टीम ने देर रात धारसेड़ी गांव में दबिश देकर कथित तौर पर बाघ की खाल बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर वनमंडल अंतर्गत धारसेड़ी गांव में वन्यजीवों से जुड़े अवैध कारोबार की सूचना के आधार पर WCCB की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान टीम को बाघ की खाल मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि टीम अब बरामद खाल के स्रोत और इससे जुड़े संभावित तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खाल कहां से लाई गई और इसकी खरीद-बिक्री में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों में इससे पहले भी वन्यजीवों के अंगों और खाल की अवैध तस्करी से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल WCCB की जांच और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।