ठेकेदार के अकाउंटेंट से 10 लाख की लूट, चाकू की नोक पर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार के अकाउंटेंट को चाकू दिखाकर धमकाया और उसके पास मौजूद करीब 10 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहा था। उसके पास ठेके से संबंधित कार्य के लिए करीब 10 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक सुनसान मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर उसकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने चाकू की नोक पर उसे डराया-धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। इस संभावना को देखते हुए पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी परिचित या अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। मामले में पीड़ित और उससे जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
मंदिर हसौद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही हैं।

admin 




