86 लाख का बिल पास कराने 1 लाख की रिश्वत: CBI ने रेलवे के सीनियर DME समेत दो को पकड़ा, 4 दिन की रिमांड
रायपुर। रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित चरोदा पीपी यार्ड में रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई करते हुए रेलवे अधिकारी अनमोल उइके और दीपक वर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों को शुक्रवार को CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 4 दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया। अब जांच एजेंसी दोनों से पूछताछ कर रिश्वतखोरी से जुड़े लेन-देन और अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
86 लाख के बिल के बदले मांगी थी 1 लाख की रिश्वत
मामले के मुताबिक, एक ठेकेदार का करीब 86 लाख रुपए का बिल भुगतान के लिए लंबित था। आरोप है कि बिल पास कराने के एवज में 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
बताया जा रहा है कि इस लेन-देन में दीपक वर्मा कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
भिलाई पहुंची CBI की टीम
जानकारी के अनुसार, CBI की विशेष टीम गुरुवार को नई दिल्ली से निजी वाहनों के जरिए भिलाई पहुंची। टीम ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत भिलाई स्थित पीपी यार्ड में कार्रवाई की।
ट्रैप कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को रिश्वत से जुड़े मामले में पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद CBI अधिकारियों ने रेलवे अधिकारी के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ भी की।
देर रात तक चली दस्तावेजों की जांच
कार्रवाई के दौरान CBI के करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम ने सीनियर DME अनमोल उइके के चेंबर में देर रात तक दस्तावेजों की जांच की। स्थानीय स्तर पर जांच में सहयोग के लिए रायपुर और दुर्ग की CBI टीमों को भी लगाया गया था।
जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री अपने कब्जे में ली है। अब इनकी जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत की मांग और भुगतान की प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
4 दिन की CBI रिमांड
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को CBI कोर्ट में पेश किया गया। विशेष अदालत ने जांच एजेंसी की मांग पर चार दिन की रिमांड मंजूर की है।
रिमांड के दौरान CBI बिल भुगतान की पूरी प्रक्रिया, ठेकेदार से संपर्क, रिश्वत की मांग, कथित बिचौलिये की भूमिका और जब्त दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
admin




