सांप के काटने के बाद उसी सांप को गले में डालकर अस्पताल पहुंचा युवक, वीडियो वायरल

सांप के काटने के बाद उसी सांप को गले में डालकर अस्पताल पहुंचा युवक, वीडियो वायरल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक गले में सांप लटकाकर बाइक चलाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पखांजूर निवासी देवजीत सरकार पिछले करीब 8 वर्षों से सांपों का रेस्क्यू करने का काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान एक सांप ने उन्हें काट लिया।

इसके बाद देवजीत ने सांप को अपने गले में डाल लिया और करीब 14 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह सांप को इसलिए साथ लेकर गए, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सकें और उसी के अनुसार उपचार किया जा सके।

जहरीला नहीं था सांप

राहत की बात यह रही कि जिस सांप ने युवक को काटा था, वह जहरीला नहीं था। उपचार के बाद युवक की स्थिति ठीक बताई जा रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।

हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक सांप के काटने की स्थिति में उसे पकड़ना या शरीर के पास ले जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। ऐसी स्थिति में सांप से दूरी बनाए रखते हुए तत्काल चिकित्सा सहायता लेना अधिक सुरक्षित माना जाता है।