रायपुर में बच्चों के गले से जेवर चोरी करने वाली 2 महिलाएं गिरफ्तार, 12 लाख का सामान बरामद
रायपुर। त्योहारी सीजन में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के गले से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। ACCU और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 7 चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
मामला मालवीय रोड का है, जहां रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। CCTV फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती नजर आईं। हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदनी राजपूत (32) और सानिया मरकाम (20), दोनों निवासी गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने मालवीय रोड, गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में 7 चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नकद, एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और फिलहाल नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल में सजा काट रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
admin



