4 महीने में 8 मौतों का राज खुला : कुत्ते पर किया ट्रायल, फिर गांववालों को बनाया शिकार
गांव का ही निकला 'साइको किलर, शराब में जहर मिलाकर परिचितों को उतारा मौत के घाट
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में पिछले चार महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गांव का ही एक व्यक्ति अपने परिचितों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 8 हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रामसहाय जायसवाल ने फरवरी से मई 2026 के बीच एक-एक कर आठ लोगों की हत्या की। शुरुआती जांच में मौतों को सामान्य माना जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों के संदेह के बाद मामला खुला और पुलिस ने गहन जांच शुरू की।
ग्रामीणों की शिकायत से खुला राज
6 जून 2026 को गांव के लोगों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से मई के बीच हुई 8 मौतों पर संदेह जताया था। ग्रामीणों ने गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर शक व्यक्त किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और सात मृतकों के शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जांच कराई।
पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण
जांच में सामने आया कि आरोपी ने चूहे मारने की दवा के नाम पर सुहागा (जहरीला पदार्थ) हासिल किया था। हत्या की योजना को अंजाम देने से पहले उसने एक कुत्ते पर इसका परीक्षण किया। परीक्षण सफल होने के बाद उसने गांव के लोगों को निशाना बनाना शुरू किया।
शराब में मिलाता था जहर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने परिचितों को शराब में सुहागा मिलाकर पिलाता था। शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी मौत हो जाती थी। आरोपी ने पुरानी रंजिश, गाली-गलौज, आर्थिक विवाद, चरित्र पर संदेह और टोना-टोटका जैसी वजहों से इन हत्याओं को अंजाम देने की बात कबूल की है।
खुद अस्पताल पहुंचाता और अंतिम संस्कार में भी रहता था शामिल
पुलिस के अनुसार किसी को शक न हो, इसलिए आरोपी बीमार पड़ने के बाद पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करता था। इतना ही नहीं, वह अंतिम संस्कार और कफन-दफन की प्रक्रियाओं में भी शामिल रहता था, जिससे उस पर किसी का संदेह नहीं गया।
पुलिस को भी किया गुमराह
शुरुआत में आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और घटना से इनकार करता रहा। लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, ग्रामीणों से पूछताछ और लगातार की गई गहन पूछताछ के बाद वह टूट गया और उसने एक-एक हत्या की कहानी पुलिस को बताई।
एक व्यक्ति बच गया, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती हुआ
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एक अन्य ग्रामीण को भी जहरीली शराब पिलाई थी, लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इस मामले को हत्या के प्रयास के रूप में दर्ज किया गया है।
प्रदेश के चर्चित मामलों में शामिल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह प्रदेश के हाल के वर्षों के सबसे सनसनीखेज और जटिल मामलों में से एक है। तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और लगातार निगरानी के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया। आरोपी के खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास सहित कुल 9 गंभीर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

admin 




