हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को शीघ्रता के साथ हासिल करेंगे

हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को शीघ्रता के साथ हासिल करेंगे

दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों से रू-ब-रू हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री की सादगी ने सभी को किया आकर्षित 

रायपुर (चैनल इंडिया)। सौम्य, सरल व सादगी के साथ रहने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को सभी को बेहद आकर्षित किया। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशभर से आए पत्रकारों से मुलाकात की व उनके साथ समय गुजारा। मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से पत्रकारों के पास जाकर मिलते रहे तथा उनसे परिचय प्राप्त करके उनकी राजी-खुशी पूछते रहे। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में होने वाला यह पहला कार्यक्रम था, जिसमें पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था। इस मौके पर जनसम्पर्क विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में उपलब्धियों भरे एक साल का विवरण पेश किया गया। विभाग के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने कई पत्रकारों से मुख्यमंत्री का परिचय कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद , उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री केदार कश्यप, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, विधायक अजय चंद्राकर, अनुज शर्मा, खुशवंत साहब, भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह सवन्नी, संजय श्रीवास्तव समेत संचालक जनसम्पर्क अजय अग्रवाल, अपर संचालक जेएल दरियो, संजीव तिवारी व उमेश मिश्रा समेत अन्य अधिकारी तथा भाजपा के नेता उपस्थित थे। समारोह के बाद पत्रकारों के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मैंने हमेशा यह माना है कि लोकतांत्रिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चौथे स्तंभ की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। आपकी सहभागिता से हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में विकास के स्वर्णिम पथ पर मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम लोककल्याण के लिए सदैव प्रतिबध्द रहेंगे। हम सब मिलकर विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को शीघ्रता के साथ हासिल करेंगे।