सीसीपीएल-3 : आशुतोष की फिफ्टी, वासुदेव की घातक गेंदबाजी; सरगुजा ने बस्तर को हराया

सीसीपीएल-3 : आशुतोष की फिफ्टी, वासुदेव की घातक गेंदबाजी; सरगुजा ने बस्तर को हराया

वासुदेव बरेथ बने प्लेयर ऑफ द मैच

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में रविवार को खेले गए पहले मुकाबले में सरगुजा टायगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर बायसंस को 18 रन से हरा दिया। 205 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्तर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 186 रन ही बना सकी।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में बस्तर बायसंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरगुजा टायगर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 204 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आशुतोष ने खेली अर्धशतकीय पारी

सरगुजा की ओर से ओपनर आशुतोष सिंह ने 52 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कृतेश साहु ने 42 रन और आनंद राव ने 41 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बस्तर बायसंस की ओर से विजय यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे और 3 विकेट झटके।

राहुल और अनुज की मेहनत नहीं आई काम

205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्तर बायसंस की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम बीच-बीच में विकेट गंवाती रही। राहुल प्रधान ने 75 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि अनुज तिवारी ने 50 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन लक्ष्य बड़ा होने के कारण टीम 186 रन तक ही पहुंच सकी।

वासुदेव ने गेंद से पलटा मैच

सरगुजा टायगर्स की ओर से वासुदेव बरेथ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। वहीं स्नेहिल चड्ढा और हर्ष यादव ने 2-2 विकेट लेकर बस्तर की बल्लेबाजी पर दबाव बनाए रखा।

वासुदेव बरेथ बने प्लेयर ऑफ द मैच

ऑलराउंड प्रदर्शन और निर्णायक गेंदबाजी के लिए वासुदेव बरेथ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ सरगुजा टायगर्स ने टूर्नामेंट में अपने इरादे मजबूत कर दिए हैं।