ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! चंदनीडीह से पुराने धमतरी रोड तक बनेगी नई सड़क, अधिकारी करेंगे निरीक्षण
रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्रशासन ने नई सड़क निर्माण की योजना पर काम शुरू कर दिया है। चंदनीडीह से पुराने धमतरी रोड तक नई सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके बनने से रिंग रोड और शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
सभी विभागों के अधिकारी करेंगे निरीक्षण
प्रस्तावित सड़क को लेकर रायपुर कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के संचालक और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से मार्ग का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की संभावित बाधाओं, जमीन और अन्य तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद आवश्यकताओं के आधार पर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।
पचपेड़ीनाका जाने की जरूरत नहीं होगी
फिलहाल चंदनीडीह और रिंग रोड-5 की तरफ से शहर की ओर आने वाले वाहनों, खासकर भारी वाहनों को पचपेड़ीनाका की ओर जाना पड़ता है। इसके चलते टाटीबंध चौक के नए ओवरब्रिज की सर्विस रोड और आसपास के हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।
नई सड़क बनने के बाद चंदनीडीह से आने वाले वाहनों को पचपेड़ीनाका की ओर जाने की जरूरत नहीं होगी। वाहन कमल विहार की मौजूदा सड़क के रास्ते सीधे पुराने धमतरी रोड तक पहुंच सकेंगे। इससे प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
धमतरी से भिलाई-बिलासपुर तक आने-जाने में फायदा
प्रस्तावित मार्ग तैयार होने के बाद धमतरी, रायपुर, नवा रायपुर और VIP रोड से मंदिर हसौद की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इसके अलावा भिलाई-दुर्ग और बिलासपुर-बीरगांव की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
महादेव घाट विसर्जन कुंड के लिए भी बनेगी सड़क
प्रशासन ने गणेश और दुर्गा विसर्जन के दौरान मुख्य सड़कों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एक अन्य सड़क निर्माण की योजना भी बनाई है।
इसके तहत रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के रायपुरा रोड स्थित इंद्रप्रस्थ-2 के पास मनुआस रियलिटी से महादेव घाट विसर्जन कुंड की ओर नई सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य विसर्जन के दौरान मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और आवाजाही को सुगम बनाना है।
admin




