पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली अंतिम सांस

पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली अंतिम सांस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पंडवानी गायन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन हो गया। उन्होंने सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे रायपुर एम्स में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उनका उपचार चल रहा था।

तीजन बाई के निधन से कला और संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने अपनी अनूठी प्रस्तुति शैली और सशक्त गायन से पंडवानी कला को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय माना जाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके निधन से पहले देर रात उनके परिजनों से फोन पर बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वे लगातार उनके उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

तीजन बाई के निधन से छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक विरासत की एक अमूल्य धरोहर खो दी है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और कला जगत से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।