छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) का असर अब छत्तीसगढ़ में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में दिनभर हुई बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई जिलों में भी तेज बारिश हुई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 46 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा में 7 सेंटीमीटर तथा चांपा, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारामकेला में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मालखरौदा, कोहकामेटा, शिवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सरिया में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं गीदम, जगदलपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बलौदा, हसौद, कुआकोंडा और नया बाराद्वार समेत कई क्षेत्रों में 4 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई। इसके अलावा बारसूर, नवागढ़, कटेकल्याण, जगरगुंडा, कटघोरा, नारायणपुर, डोंगरगढ़, रतनपुर, भटगांव, लोरमी और जैजैपुर सहित अनेक इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने आगामी घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम शामिल हैं। इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में शनिवार रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

admin 




