ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का संचालक गिरफ्तार,मोबाइल, बाइक और रुपए जब्त
रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजू देवांगन (37) निवासी आदर्श नगर, कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती, रायपुर है।
27 मई को सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कंकाली तालाब के पास एक युवक दोपहिया वाहन में बैठकर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू देवांगन निवासी रायपुर बताया। पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन जांचा तो उसमें Uncle777.com और Annapoorna Book नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की आईडी के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित किया जाना पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.90 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुरानी बस्ती थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और उनसे जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है।

admin 




